.दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का भी किया निरीक्षण
. कलेक्टर नें दिए आवश्यक निर्देश
सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सोनौरा स्थित वृद्धाश्रम पहुंच कर वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में रह रहे 25 वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूंछा तथा वृद्धाश्रम में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। यहां वृद्धजनों द्वारा बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण बिजली की समस्या बनी रहती है। जिससे पेयजल की उपलब्धता में परेशानी होती है इसलिए वृद्धाश्रम परिसर में एक हैण्डपम्प लगवाया जाये। कलेक्टर ने ईईपीएचई को हैण्डपम्प लगाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही ऊर्जा विभाग को सौर पैनल लगवाने तथा उद्यानिकी विभाग को वृद्धाश्रम परिसर की रिक्त पडी भूमि में फलदार पौधों का रोपण करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने सोनौरा के वृद्धाश्रम के बगल में स्थित जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाफ को फील्ड में जाकर दिव्यांगजनों को आवश्यक जानकारी देने तथा केन्द्र आने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि केन्द्र में दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उन्हें कृत्रिम अंग तथा सहायक उपकरण उपलब्ध करायें तथा दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाये जाने का कार्य कराया जाना सुनिश्चित करें।
इसके बाद कलेक्टर ने सिजहटा के आंगनवाडी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकर्ता से आंगनवाडी केन्द्र में दर्ज बच्चों की जानकारी पोषण ट्रेकर ऐप में इन्ट्री किये जाने की प्रक्रिया के बारे में पूंछा। आंगनवाडी केन्द्र में 41 बच्चे दर्ज होने के बावजूद भी उपस्थिति कम पाये जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। कार्यकर्ता से बच्चों को आंगनवाडी केन्द्र लाने के लिए किये जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी ली।
.यह भी रहे साथ
इस मौके पर उप संचालक सामाजिक न्याय राजीव सिंह, सहायक संचालक श्यामकिशोर द्विवेदी, वृद्धाश्रम की संचालिका कमलेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।