.कलेक्टर ने ली रूपरेखा तैयार करने बैठक
सतना – प्रदेश के किसानों के साथ सीधा संवाद करने 29 मई से 12 जून तक 15 दिवसीय विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 चलाया जायेगा। अभियान के संचालन के लिए अटारी जबलपुर द्वारा 168 टीम बनाई गई है। अभियान के दौरान प्रत्येक जिले में प्रतिदिन 3 टीमों द्वारा 2-3 ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर किसानों से संवाद स्थापित करेगी। कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में कृषि विज्ञान केन्द्र और अटारी तथा जिले के कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों की समन्वय संबंधी बैठक में जिले में अभियान के सुचारू संचालन की रूपरेखा तय की गई।
उप संचालक कृषि मनोज कश्यप ने बताया कि खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों की आधुनिक तकनीक, किसानों की उपयोगी शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर फसलों का चयन, संतुलित खाद का प्रयोग के संबंध में किसानों को जागरूक कर किसानों से नवाचार के बारे में फीडबैक भी लिया जायेगा।
अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर कन्ट्रोल रूम भी बनेगा। जिले में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वैज्ञानिकों और कृषि तथा संबद्ध विभागों के अधिकारियों की 3 टीम बनेगी। गठित टीम प्रतिदिन 2 से 3 ग्राम पंचायतों में अभियान का संचालन करेगी। भारत सरकार के कृषि कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान में पूरे देश में करीब 2000 कृषि वैज्ञानिक और कृषि अधिकारियों की टीमें केवीके तथा आईसीएआर संस्थानों के साथ मिलकर एक से डेढ करोड किसानों से सीधा सम्पर्क करेगी।
अभियान के तहत गठित टीमों में कृषि विज्ञान केन्द्र के विशेषज्ञ, आईसीएआर के वैज्ञानिक गण, राज्य सरकार के कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, विभाग के अधिकारी, राष्ट्रीय कीट नियंत्रण निगरानी प्रणाली से जुड़े पौध संरक्षण अधिकारी, प्रगतिशील कृषक, कृषि उद्यमी एवं एफपीओ, एफआईजी, स्वसहायता समूहों के सदस्य और प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सभी संबंधित अधिकारियों को केवीके और अटारी के अधिकारियों के समन्वय से टीमों का भ्रमण रूटचार्ट एवं अन्य आवश्यक तैयारी पूर्ण कर प्रभावी रूप से अभियान संचालन के निर्देश दिये हैं।
यह भी रहे उपस्थित
इस मौके पर उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. प्रमोद शर्मा, प्रमुख वैज्ञानिक केवीके मझगवां नवीन कुमार शर्मा, वैज्ञानिक हेमराज द्विवेदी, आरएचईओ सत्यनारायण सिंगरौल, एफपीओ से प्रिंस पाण्डेय, सहायक यंत्री कृषि अभियांत्रिकी पीसी निगम, मत्स्य कार्यालय से विनय सिंह उपस्थित थे।