.विधायक विक्रम सिंह द्वारा कराई जा रही शिवमहापुराण कथा में हुए शामिल
सतना – मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को सतना जिले के रामपुर बघेलान में व्यास पीठ पर विराजित राजगुरु श्री बद्री प्रपन्नाचार्य जी और पोडी धाम के स्वामी वल्लभाचार्य जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और शिव महापुराण की कथा का श्रवण किया। रामपुर बघेलान के विधायक श्री विक्रम सिंह और श्रीमती शिवांगी सिंह द्वारा स्व. हर्ष नारायण सिंह पूर्व मंत्री की पुण्य तिथि पर रामपुर बघेलान में 25 फरवरी से 5 मार्च तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्व. हर्ष नारायण सिंह जी के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपने श्रृद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि सनातन धर्म की कथा जीवन को अच्छी तरह से जीने की प्रेरणा देती है। सनातन धर्म में 18 पुराणों में सर्वश्रेष्ठ शिव पुराण को माना जाता है। काल के देवता महाकाल हैं और एक ही महादेव हैं, जिन्हें देवता और असुर समान रूप से पूजकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत देश का यह काल स्वर्णिम समय है जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर जगमगा रहा है। वहीं महाकुंभ में देश-विदेश के करोड़ों लोगों ने स्नान कर पुण्य लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ और कथा जैसे धार्मिक समागम हमारी ऊर्जा और सनातन प्राचीन संस्कृति से जोड़ने के अवसर प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अंदर जहां-जहां भगवान राम और कृष्ण की लीलाएं हुई हैं। उन सभी स्थानों को जगमगाने का संकल्प सरकार ने लिया है। चित्रकूट धाम भी अयोध्या की तरह जगमगाएगा। आगामी समय में मध्यप्रदेश देश का सबसे सुंदर और अच्छा राज्य बनेगा।
यह भी रहे मौजूद
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक विक्रम सिंह, सुरेंद्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय,लक्ष्मी यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।